भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ पंचम श्री रामलीला महोत्सव का भव्य समापन

रायवाला में 14 दिवसीय रामलीला महोत्सव संपन्न, कलाकारों को किया सम्मानित; विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

दून वैली टाइम्स | रायवाला

प्राथमिक विद्यालय वार्ड नंबर 06, श्री रामलीला चौक, प्रतीतनगर गांव, रायवाला में लोक कल्याण समिति, प्रतीतनगर, रायवाला (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित पंचम श्री रामलीला महोत्सव का 14वें दिन भव्य समापन हुआ। भगवान श्रीराम के राजतिलक, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कलाकारों के सम्मान एवं विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन भक्तिमय वातावरण में किया गया।

रामलीला महोत्सव के मुख्य मंच उद्घोषक एवं लोक कल्याण समिति के प्रवक्ता विरेन्द्र नौटियाल (वीरू) ने बताया कि अंतिम दिवस की लीला में रावण वध एवं माता सीता की वापसी के पश्चात भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान अयोध्या नगरी के दृश्य को फूलों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक रूप में सजाया गया।

भरत, शत्रुघ्न सहित समस्त अयोध्यावासियों ने प्रभु श्रीराम का जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात गुरु वशिष्ठ ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान श्रीराम का राजतिलक किया। राजतिलक के दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

संतों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री महंत डॉ. रवींद्र पुरी जी महाराज, अध्यक्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, अध्यक्ष मां मनसा देवी ट्रस्ट एवं सचिव श्री निरंजनी अखाड़ा के प्रतिनिधि के रूप में श्री महंत निरंजनी अखाड़ा के स्वामी दर्शन भारती जी ने प्रतिभाग किया।

वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जयेंद्र रमोला, प्रदेश महासचिव उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह मियाजी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने रामलीला महोत्सव के सफल आयोजन की सराहना करते हुए लोक कल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कलाकारों एवं समिति सदस्यों को किया सम्मानित

महोत्सव के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कलाकारों एवं सहयोग करने वाले समिति के सदस्यों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

रामलीला में विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाने वाले कलाकारों में श्रीराम के रूप में सौरभ चमोली, लक्ष्मण के रूप में चन्द्रमणी शर्मा, सीता के रूप में प्रिंस, भरत के रूप में विजय शर्मा (चंदू), हनुमान के रूप में आशीष सेमवाल, शत्रुघ्न के रूप में सन्नी और गुरु वशिष्ठ के रूप में भगत सिंह ने अभिनय किया।

सैकड़ों श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य मंच उद्घोषक एवं समिति प्रवक्ता विरेन्द्र नौटियाल (वीरू), मुख्य एवं वरिष्ठ निर्देशक महेंद्र सिंह राणा, समिति अध्यक्ष गंगाधर गौड़, सचिव नरेश थपलियाल, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवाड़ी, समिति सदस्य नवीन चमोली, राजेन्द्र प्रसाद तिवाड़ी, ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, जिला पंचायत सदस्य हरिपुर कलां दिव्या बेलवाल, तबला वादक कमल रामानुज एवं हारमोनियम वादक पूरन चंद हंस सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भगवान श्रीराम के आदर्शों, भक्ति, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का संदेश देते हुए पंचम श्री रामलीला महोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

About The Author