धनौल्टी विधानसभा को बड़ी सौगात: थत्यूड़–कैम्पटी मोटर मार्ग के कार्य को मिली मंजूरी- प्रीतम सिंह पंवार

Listen to this article

टिहरी। धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड जौनपुर में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तराखंड शासन ने थत्यूड़–कैम्पटी मोटर मार्ग के मिसिंग लिंक पर पहाड़ कटान कार्य (द्वितीय चरण, स्टेज-1) के लिए ₹68.60 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासन के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के मिसिंग लिंक को पूरा करने की मांग की जा रही थी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि थत्यूड़–कैम्पटी मोटर मार्ग धनौल्टी विधानसभा की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। मिसिंग लिंक का कार्य पूरा होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

शासन द्वारा जारी आदेश में लोक निर्माण विभाग को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और वित्तीय नियमों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

About The Author