‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ से दून में सुशासन को मिली नई रफ्तार, 44,735 लोगों ने लिया लाभ

Listen to this article

568 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 14,500 से अधिक लोगों तक पहुंचीं सरकारी योजनाएं

मानसून के बाद दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में फिर लगेंगे जन शिविर: डीएम डॉ. आशीष चौहान

देहरादून, 23 जुलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान देहरादून जनपद में जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। सेवा, सुशासन और समर्पण की थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत 4 जुलाई से 23 जुलाई तक जिले के सभी विकासखंडों में जन शिविर लगाए गए, जिनमें 44,735 लोगों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सुशासन को गांव-गांव और आमजन तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि मौसम या अन्य कारणों से किसी क्षेत्र में शिविर आयोजित नहीं हो सके हैं, तो मानसून समाप्त होने के बाद उन क्षेत्रों में पुनः जन शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

अभियान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित दो जन शिविरों में स्वयं पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। मुख्यमंत्री के सीधे संवाद और त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों का प्रशासन और सरकार के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ।

जनकल्याणकारी योजनाओं का मिला सीधा लाभ

मुख्यमंत्री के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इन शिविरों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया गया। शिविरों में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभ भी उपलब्ध कराया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार—

  • 44,735 लोगों ने शिविरों में भाग लिया।
  • 560 लोगों ने विभिन्न प्रमाण पत्रों और सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन किए।
  • 14,500 से अधिक लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला।

568 शिकायतों का मौके पर समाधान

जन शिविरों में जनता की समस्याओं और शिकायतों का भी प्रभावी समाधान किया गया। प्रशासन के अनुसार कुल 848 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज हुईं, जिनमें से 568 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार और जनता के बीच मजबूत हुआ विश्वास

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। यह अभियान सरकार और जनता के बीच की दूरी कम करने के साथ-साथ लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का प्रभावी मंच भी उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी सरकारी योजनाओं और सेवाओं का पूरा लाभ उठा सकें।

About The Author