
देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने लोक भवन में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों, वीर शहीदों तथा राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाली महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, बलिदान, साहस और राष्ट्रभक्ति ही स्वतंत्र भारत की सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि हमें आजादी के संघर्ष और उसके मूल्यों को स्मरण करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का भी अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आज आवश्यकता है कि हम स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने में अपना योगदान दें। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।

राज्यपाल ने इस ऐतिहासिक अवसर पर ‘राष्ट्र प्रथम’, ‘नशामुक्त भारत’ और ‘2047 तक विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवा शक्ति को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, अनुसंधान, तकनीक और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से युवा देश की प्रगति को नई गति दे सकते हैं। सामूहिक प्रयासों से ऐसा भारत बनाया जा सकता है जो आत्मनिर्भर, समृद्ध, सशक्त और विश्व को नई दिशा देने वाला राष्ट्र बने।
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के सपनों का भारत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। देश की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
दून वैली टाइम्स की ओर से सभी देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
जय हिंद! जय भारत! 🇮🇳
