यूजीसी के खिलाफ सेलाकुई में सवर्ण समाज की रैली, प्रावधान वापस लेने की मांग

सेलाकुई। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के प्रावधानों के विरोध में रविवार को सेलाकुई में सवर्ण समाज के लोगों ने रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। रैली शिव मंदिर से शुरू होकर पेट्रोल पंप, मुख्य बाजार होते हुए खाटू श्याम धाम पहुंची। इसके बाद प्रदर्शनकारी वापस शिव मंदिर पहुंचे, जहां रैली का समापन हुआ।

रैली में बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने “यूजीसी गो बैक” के नारे लगाते हुए यूजीसी के प्रावधानों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रस्तावित प्रावधानों को लेकर समाज में असंतोष है और सरकार व संबंधित संस्थाओं को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।

इस दौरान दीपक कंडारी ने कहा कि सवर्ण समाज के साथ विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भेदभाव और शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए प्रावधानों में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के संबंध में एससी-एसटी के साथ ओबीसी वर्ग को भी शामिल किया गया है, जिसका वे विरोध करते हैं।

प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी से संबंधित प्रावधानों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर समाज की भावनाओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए। रैली के दौरान सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रही।

About The Author