पटेलनगर में स्नैचिंग का खुलासा, नशे की लत पूरी करने के लिए युवक ने छीना था मोबाइल

Listen to this article

देहरादून। राजधानी देहरादून में पटेलनगर पुलिस ने स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

जानकारी के अनुसार जीएमएस रोड, बसंत विहार निवासी हरीश कुमार ने 3 जुलाई को कोतवाली पटेलनगर में तहरीर देकर बताया था कि बाइक सवार अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल फोन और नगदी छीन ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 4 जुलाई को आईएसबीटी के पास से ऋषभ पुत्र स्वर्गीय भास्कारानंद, निवासी गोकुल एनक्लेव सोसायटी, क्लेमनटाउन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से छीना गया सिल्वर रंग का रेडमी मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने एक साथी के साथ मिलकर स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author