देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का देहरादून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और दोनों पक्षों के बीच चली आ रही रंजिश थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, पीड़ितों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद शनिवार को थाना रायपुर पुलिस ने थानो रोड स्थित सोढा सरोली क्षेत्र से अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई की रात करीब नौ बजे दिवाकर खंडूड़ी अपने साथियों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से नवीन राणा के कंधे में चोट आई, जबकि मौके से गुजर रहे कमेन्द्र शर्मा के पैर में भी गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और कमेन्द्र शर्मा के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। उसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। देहरादून में दोनों पक्षों का आमना-सामना होने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




