बेटी की शादी के जेवर लेकर बिहार भागने की फिराक में था आरोपी

ऋषिकेश। बेटी की शादी के लिए रखे लाखों रुपये के जेवर चोरी कर बिहार भागने की फिराक में बैठे एक आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 16.50 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी और 63 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजकुमार निवासी बेतिया, बिहार के रूप में हुई है। वह चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद बिहार भागने की तैयारी में था। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया।

बताया गया कि आरोपी ने ठेली पर केले लेने पहुंची एक महिला को बातचीत में उलझाया और इसी दौरान उसके पर्स से सोने के जेवरात व नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बिहार भागने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से तीन सोने की चेन, एक नेकलेस, झुमकी, दो जोड़ी टॉप्स, चांदी का ब्रेसलेट और 63 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 16.50 लाख रुपये है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, नवीन जोशी, अमित कुमार, गौरव यादव और अंकुर कुमार शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी के बिहार भागने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया गया।

About The Author