ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 394 ग्राम चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने और दून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 394 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में थाना रायपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। 2 जुलाई 2026 को गुरुद्वारा रोड के सामने मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 394 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय सोहीन पुत्र संजय कुमार, निवासी जसोवाला सपेरा बस्ती, सहसपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आसपास के क्षेत्रों में दिहाड़ी मजदूरी करता है और स्वयं भी नशे का आदी है। उसने स्थानीय नशेड़ियों से कम कीमत पर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर अधिक दामों में बेचने की योजना बनाई थी, ताकि उससे होने वाले मुनाफे से अपने नशे और अन्य जरूरतों का खर्च पूरा कर सके। हालांकि, इससे पहले ही रायपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई चौकी प्रभारी बालावाला उपनिरीक्षक साहिल वशिष्ठ के नेतृत्व में कांस्टेबल सुरेश रमोला एवं कांस्टेबल मोहित सैलानी की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।

About The Author