
रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार शाम मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। इस घटना में 17 वर्षीय किशोर विक्रांत बागी को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल रुद्रपुर और फिर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप निवासी विक्रांत बागी गुरुवार शाम करीब 5 बजे किसी काम से लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में गया था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने तमंचा निकालकर विक्रांत पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद देर रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।
विक्रांत की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मामले में क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।




