21 जून को छह पहाड़ी जिलों में झमाझम बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 21 जून को प्रदेश के छह पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं अन्य पहाड़ी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। दूसरी ओर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

अगले तीन दिन भी जारी रहेगा बारिश का दौर

पूर्वानुमान के मुताबिक 22 जून को भी छह पहाड़ी जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। वहीं 23 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में वर्षा होने के आसार हैं। 24 जून को भी इन जिलों में मौसम बिगड़ा रह सकता है और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को सावधानी बरतने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

About The Author