रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब पंजाब से आए निहंग सिखों ने गुरुद्वारे के सेवादार को बंधक बना लिया। जानकारी के अनुसार, बातचीत के लिए पहुंची पुलिस अधीक्षक (SP) को भी धमकी दी गई। निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर डटे हुए हैं और कर्णप्रयाग में 16 जून को हुई घटना के बाद गिरफ्तार किए गए तीन निहंग सिखों की रिहाई तथा उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी है। इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं तथा पुलिस और ITBP के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। फिलहाल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता जारी है और मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।




