देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून (आज) प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ सहित अन्य पर्वतीय जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।
26 जून को भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के अनुसार 26 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 29 जून तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



