देहरादून। नगर निगम प्रशासन ने अनुशासनहीनता और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए एक आउटसोर्स कर्मचारी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। कर्मचारी पर शराब के नशे में सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय में पहुंचकर अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार आरके एसोसिएशन के माध्यम से नगर निगम में कार्यरत कर्मचारी थापा की तैनाती पहले रिकॉर्ड रूम में थी, जिसे हाल ही में एसआईआर शाखा में स्थानांतरित किया गया था। निगम अधिकारियों के मुताबिक कर्मचारी के खिलाफ पहले भी बिना सूचना अनुपस्थित रहने तथा कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायतें मिलती रही थीं।
बुधवार को कथित रूप से शराब के नशे में कर्मचारी सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय पहुंच गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए कार्यालय की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न किया। मामले की जानकारी मिलते ही निगम प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया।
नगर आयुक्त ने मामले को गंभीर मानते हुए अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार और शासकीय अनुशासन के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद आउटसोर्सिंग एजेंसी को संबंधित कर्मचारी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए गए।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशाखोरी, अनुशासनहीनता तथा अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि सरकारी कार्यों की गरिमा बनाए रखने और कार्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




