पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति सामान्य, प्रशासन और निहंग प्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक वार्ता जारी

Listen to this article

देहरादून | 26 जून 2026

पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर पांवटा साहिब सीमा पर शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। प्रशासन और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने स्वयं पांवटा साहिब सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीमा पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात हैं। देहरादून आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच और निगरानी की जा रही है। इस बीच गुरुद्वारा पांवटा साहिब में प्रशासन और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकारात्मक वार्ता जारी है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इससे किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी की गई है और शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

About The Author