देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने 2 जुलाई 2026 के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भी भारी वर्षा के साथ गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
संभावित आपदा को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
आज भी मौसम दिखाएगा उग्र रूप, कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट



