इंस्टाग्राम रील और व्हाट्सएप स्टेटस से खुला 10 लाख की ज्वेलरी चोरी का राज, घरेलू सहायिका गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक साल पुरानी ज्वेलरी चोरी का मामला सोशल मीडिया की वजह से उजागर हो गया। आईटी पार्क क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के घर से चोरी हुए हीरे और सोने के आभूषणों का सुराग तब मिला, जब उनकी घरेलू सहायिका ने उन्हीं गहनों को पहनकर व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील पोस्ट कर दी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता नितिशा वत्स ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले जाखन स्थित दून रिपब्लिक अपार्टमेंट में रहने के दौरान उनके घर से दो हीरे की अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक हीरे का पेंडेंट चोरी हो गया था। काफी तलाश के बावजूद गहनों का कोई पता नहीं चल सका।
शुरुआत में महिला को अपनी घरेलू सहायिका विमला देवी पर संदेह हुआ था, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने चोरी से इनकार कर दिया। यहां तक कि वह खुद शिकायतकर्ता के साथ पुलिस के पास भी गई, जिससे महिला का शक कम हो गया।
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब 29 जून को शिकायतकर्ता ने विमला देवी का व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील देखी। वीडियो में वह वही हीरे और सोने के गहने पहने दिखाई दी, जो उनके घर से चोरी हुए थे। इसके बाद महिला ने तुरंत पुलिस को लिखित शिकायत दी।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जोहड़ी रोड क्षेत्र से आरोपी विमला देवी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शिकायतकर्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करती थी। घर के लॉकर में रखे महंगे गहने देखकर उसके मन में लालच आ गया और मौका मिलते ही उसने उन्हें चुरा लिया। बाद में उसने मालकिन को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि गहने कहीं और रखे गए होंगे। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने कई बार गहने बेचने का प्रयास किया, लेकिन महंगे हीरे के आभूषण होने के कारण वह सफल नहीं हो सकी।
पुलिस ने आरोपी विमला देवी, निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी बापू नगर, जाखन को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

About The Author