कांग्रेस की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ घनसाली और नई टिहरी पहुंची, प्रीतम सिंह ने डैम प्रभावितों से की मुलाकात

Listen to this article

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ शनिवार को टिहरी गढ़वाल जिले की घनसाली विधानसभा और नई टिहरी पहुंची। यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
घनसाली विधानसभा में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित परिवर्तन संकल्प यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की। इस दौरान प्रीतम सिंह ने कहा कि यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से निराश है तथा बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और जनहित के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इसके बाद नई टिहरी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। यात्रा के अंतिम पड़ाव पर चंबा के चोपड़ियाल गांव में उन्होंने स्थानीय नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती और आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
नई टिहरी प्रवास के दौरान प्रीतम सिंह ने धरने पर बैठे टिहरी डैम प्रभावितों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। आंदोलनकारियों ने सरकार द्वारा गठित हनुमंता राव समिति की सिफारिशों को लागू करने की मांग उठाई। उनकी प्रमुख मांगों में निःशुल्क बिजली, निःशुल्क पानी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना शामिल है।
प्रीतम सिंह ने प्रदर्शनकारियों को उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि डैम प्रभावितों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, खटीमा विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, मसूरी के पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, घनसाली के पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, पूर्व प्रत्याशी धनीलाल शाह, पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र चंद्र रमोला, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author