
टिहरी। क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को विकासखण्ड परिसर थौलधार में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट का विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में धनोल्टी के विधायक प्रीतम सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बैडमिंटन कोर्ट बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना का विकास युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेश पंडित, ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस विकास कार्य का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए विधायक एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया।




