सरकार पर मंदिरों की संपत्तियों और चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों को दबाने का लगाया आरोप
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बदरीनाथ धाम से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल जनता के साथ ही नहीं, बल्कि आस्था के केंद्रों के साथ भी छल कर रही है। मंदिरों में चढ़ावे, हीरे-जवाहरात और संपत्तियों से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए हैं, जो केवल चोरी का मामला नहीं बल्कि करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़ा विषय है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि जिस प्रकार राम मंदिर से जुड़े मामलों पर सवाल उठे थे, उसी तरह अब श्री बदरीनाथ धाम का मामला भी सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता प्रतिष्ठान से जुड़े लोगों पर मंदिरों में चोरी, हीरे-जवाहरात और चढ़ावे में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच संयुक्त विधानसभा समिति की निगरानी में कराई जाए अथवा न्यायिक जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। उनका कहना है कि जिस विभाग और संस्था पर स्वयं सवाल उठ रहे हों, उसी से जांच कराना निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है और इससे आरोपियों को बचाने का प्रयास माना जाएगा।
गोदियाल ने सरकार से यह भी सवाल किया कि केदारनाथ धाम से जुड़े मामलों में अब तक क्या कार्रवाई हुई है, इसका जवाब जनता को दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को पारदर्शिता के साथ तथ्यों को सार्वजनिक करना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
बदरीनाथ धाम प्रकरण की संयुक्त विधानसभा समिति या न्यायिक जांच हो: गणेश गोदियाल



