980 ग्राम हेरोइन बरामद, गंगनहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रुड़की | दून वैली टाइम्स
हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए रुड़की के लाठरदेवा अंडरपास के पास एक कार से 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पंजाब के तरणतारण निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस की टीम लाठरदेवा अंडरपास के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार में बैठे युवक पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में सप्लाई करने के उद्देश्य से आया था। पुलिस अब इस मामले में हेरोइन की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है।




