तीनधारा के पास मलबा गिरने से बंद हुआ ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे, दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें

Listen to this article

ऋषिकेश। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब पर्वतीय क्षेत्रों की सड़कों पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-07 (ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे) तीनधारा क्षेत्र के पास भूस्खलन होने से मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों तथा चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। हालांकि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से बार-बार मलबा गिर रहा है, जिससे सड़क को सुचारु रूप से खोलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने यात्रियों और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मौसम विभाग ने भी उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क बाधित होने जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

— Doon Valley Times

About The Author