देहरादून, 9 जुलाई।

उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक लगातार बारिश का दौर जारी है। बुधवार शाम से प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मैदानी क्षेत्रों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
9 जुलाई: पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 जुलाई: इन जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी
10 जुलाई को नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। प्रदेश के शेष सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका जताई है।
11 और 12 जुलाई: पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट
11 और 12 जुलाई को पूरे उत्तराखंड में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
प्रशासन की अपील
- खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
- नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
- बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न ठहरें।
- मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।




