सेलाकुई पुलिस का सत्यापन अभियान तेज, 194 लोगों का सत्यापन, 8 मकान मालिकों पर ₹80 हजार का जुर्माना

Listen to this article

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, छात्रों तथा हॉस्टलों और होमस्टे में रहने वाले लोगों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 194 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जबकि किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने और अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 8 मकान मालिकों व हॉस्टल संचालकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹80,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सेलाकुई के नेतृत्व में चलाया गया। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने थाना क्षेत्र के हॉस्टलों, होमस्टे और किराये के मकानों में जाकर बाहरी छात्रों, किरायेदारों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया।

जांच के दौरान जिन मकान मालिकों और हॉस्टल संचालकों द्वारा किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन नहीं कराया गया या अन्य अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। संबंधित चालानी रिपोर्ट माननीय न्यायालय को भेजी जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने सभी मकान मालिकों, हॉस्टल एवं होमस्टे संचालकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

About The Author