हरेला पर्व पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने किया वृक्षारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Listen to this article

धनोल्टी/टिहरी | Doon Valley Times

धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में हरेला पर्व के पावन अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्रवासियों को लोक संस्कृति और प्रकृति संरक्षण के इस महत्वपूर्ण पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अल्मास क्षेत्र में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने स्थानीय ग्रामीणों, मातृशक्ति, युवाओं तथा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है।

विधायक ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखरेख का संकल्प ले, तो उत्तराखंड की हरियाली और प्राकृतिक संपदा को और अधिक समृद्ध बनाया जा सकता है।

उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा, “आओ मिलकर पेड़ लगाएं और अपनी देवभूमि उत्तराखंड को और भी सुंदर, स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाएं।”

About The Author