देहरादून। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत प्रेमनगर थाना पुलिस ने बिधौली क्षेत्र में बीच सड़क हुड़दंग और मारपीट करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बिधौली में दो पक्षों के बीच सार्वजनिक स्थान पर विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने तथा समझाने का प्रयास किया। हालांकि युवक पुलिस की समझाइश के बावजूद नहीं माने और शांति व्यवस्था भंग करते रहे।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल, आर्यन, विश्वेन्द्र उर्फ विशु त्यागी तथा कार्तिक शर्मा को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के अंतर्गत की गई है।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिधौली में बीच सड़क हुड़दंग, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 4 युवक गिरफ्तार




