गैंगरेप के तीनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Listen to this article

रुद्रपुर में युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद फरार थे आरोपी, देर रात पुलिस एनकाउंटर में दबोचे गए

दून वैली टाइम्स | रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे तीनों आरोपियों को सोमवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शनिवार रात हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत युवती अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को जबरन अपने कब्जे में ले लिया। आरोपियों ने दोनों युवकों और दोनों युवतियों को उनकी ही बाइक पर बैठाकर गदरपुर हाईवे की ओर ले जाना शुरू किया।

रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से छलांग लगाकर किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बच निकले। हालांकि दूसरी युवती और एक युवक आरोपियों के कब्जे में रहे। गदरपुर हाईवे पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को बीच रास्ते में छोड़ दिया और युवती को अपने साथ ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी।

भागने की फिराक में थे आरोपी, पुलिस से हुई मुठभेड़

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी बगवाड़ा चौकी क्षेत्र स्थित किच्छा हाईवे से फरार होने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

तीनों आरोपियों की हुई पहचान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम कलकत्ती, गदरपुर के रूप में हुई है। उसके साथ गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों की पहचान जोगा सिंह पुत्र रंजीत सिंह तथा रविंदर पुत्र फुम्मन सिंह, दोनों निवासी अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ जारी, जुटाए जा रहे साक्ष्य

एसएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी है।

About The Author