टोंस नदी खतरे के निशान के करीब, सात परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
दून वैली टाइम्स | देहरादून | 28 जुलाई
लगातार हो रही बारिश के चलते देहरादून जनपद में जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) द्वारा मंगलवार शाम 4:00 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में 27 सड़कें बंद हैं, जबकि 15 जून से अब तक कुल 413 मार्ग प्रभावित हुए हैं। कई क्षेत्रों में जलभराव, पेड़ गिरने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
सात परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
मोहकमपुर क्षेत्र के बीर गब्बर बस्ती के समीप ढाल खिसकने से 4-5 आवासीय भवनों पर खतरा उत्पन्न हो गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने 7 परिवारों को स्वयं की इच्छा से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया है।
वहीं, तहसील सदर प्रशासन ने दीपनगर प्राथमिक विद्यालय में 19 परिवारों के 133 लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से अस्थायी रूप से ठहराया है।
इन इलाकों में जलभराव से परेशानी
जिले के कई इलाकों में जलभराव की सूचना मिली है। इनमें गणेश एन्क्लेव, नेहरूग्राम, गढ़वाली कॉलोनी, डालनवाला, खैरी मानसिंह, सरस्वती विहार, हाथीबड़कला, प्रेमनगर, इन्द्रपुरी फार्म, रायपुर रोड, सुमन नगर, गुलशन विहार और वाल्मीकि बस्ती सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। नगर निगम एवं संबंधित विभाग जल निकासी में जुटे हुए हैं।
पेड़ गिरने की कई घटनाएं
बारिश के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी हुईं। प्रशासन के अनुसार अधिकांश स्थानों से पेड़ हटाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है, जबकि शेष स्थानों पर कार्रवाई जारी है।
27 सड़कें बंद, यातायात प्रभावित
रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में जिले में 1 राष्ट्रीय राजमार्ग, 5 राज्य मार्ग और 21 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। इनमें देहरादून–पौंटा राष्ट्रीय राजमार्ग, मसूरी-चकराता, कालसी, सहिया, लाखामंडल, त्यूणी, विकासनगर तथा ग्रामीण क्षेत्रों के कई संपर्क मार्ग शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग और बीआरओ की टीमें मार्गों को खोलने के कार्य में लगी हुई हैं।
नदियों का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है।
- गंगा (त्रिवेणी घाट) – 339.17 मीटर (चेतावनी स्तर 339.50 मीटर)
- यमुना (डाकपत्थर) – 454.85 मीटर
- टोंस (इच्छाड़ी) – 643.50 मीटर, जो खतरे के स्तर के काफी करीब है।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था
रिपोर्ट के अनुसार सोंडा जाखोली क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है तथा दो ट्रांसफार्मर बंद हैं। पेयजल संबंधी अधिकांश शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है, जबकि जलभराव से जुड़ी शिकायतों पर लगातार कार्रवाई जारी है।
प्रशासन ने जारी की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के पास न जाएं तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष अथवा स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
— दून वैली टाइम्स




