पुराना राजपुर रोड के समीप थानी गांव में नशे के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल

देहरादून। राजधानी देहरादून के पुराना राजपुर रोड स्थित थानी गांव (सपेरा बस्ती) में नशे के बढ़ते कारोबार और नशेड़ियों की गतिविधियों से परेशान स्थानीय महिलाओं का आक्रोश गत मंगलवार को देर रात खुलकर सामने आया। आधी रात करीब 12 बजे से 1 बजे तक बड़ी संख्या में महिलाएं लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आईं और क्षेत्र में गश्त करते हुए नशेड़ियों को खदेड़ा।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है, जिससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारण महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है तथा रात के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।

महिलाओं ने बताया कि कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी कारण उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र में पहरा देना शुरू किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक इलाके से नशे का कारोबार पूरी तरह समाप्त नहीं होगा, उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, नशे के कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समाज से नशे जैसी बुराई को खत्म करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। महिलाओं की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहा और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया।

दून वैली टाइम्स

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *