देहरादून। चकराता रोड स्थित एक स्पा सेंटर में कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर रविवार को हंगामा हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और स्पा सेंटर में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि चकराता रोड स्थित नेचर ट्रू स्पा सेंटर को लेकर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिली थी। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और वहां विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक समेत यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पूछताछ के लिए बिंदाल चौकी लाया।
बताया जा रहा है कि यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को करीब ढाई घंटे तक पुलिस की निगरानी में रखा गया। इस दौरान पूछताछ के साथ चालानी कार्रवाई किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
हालांकि, स्पा सेंटर में देह व्यापार या किसी अन्य अनैतिक गतिविधि के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और मौके पर की गई कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
