राहुल गांधी से मिले उत्तराखंड के चार प्रमुख प्रतिनिधिमंडल, कर्मचारियों-युवाओं की मांगें राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का भरोसा

देहरादून। उत्तराखंड के कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के उद्देश्य से प्रदेश के चार प्रमुख प्रतिनिधिमंडलों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NPS/OPS), उपनल कर्मचारी संघ, नर्सिंग कर्मचारी संगठन और उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को राहुल गांधी के समक्ष विस्तार से रखा।

प्रतिनिधिमंडलों ने प्रदेश में कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि इन मुद्दों का समाधान राज्य के लाखों लोगों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। प्रतिनिधियों ने पुरानी पेंशन बहाली, उपनल कर्मचारियों की समस्याओं, नर्सिंग कर्मचारियों की मांगों तथा प्रदेश के बेरोजगार युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

राहुल गांधी ने गंभीरता से सुनी समस्याएं

मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। प्रतिनिधियों के अनुसार, राहुल गांधी ने इन विषयों का विस्तृत अध्ययन करने तथा आवश्यक मांगों को कांग्रेस के आगामी घोषणा-पत्र में शामिल करने की दिशा में पार्टी स्तर पर आवश्यक निर्देश देने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडलों ने इसे कर्मचारियों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श में स्थान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व भी रहा मौजूद

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल तथा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी उपस्थित रहे। बैठक में उत्तराखंड के विभिन्न कर्मचारी एवं युवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संगठन की मांगों और समस्याओं को सामने रखा।

बेरोजगार संघ का प्रतिनिधिमंडल

उत्तराखंड बेरोजगार संघ की ओर से राम कण्डवाल, सुरेश सिंह, नितिन दत्ता, बिट्टू वर्मा एवं विशाल प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने प्रदेश में बेरोजगार युवाओं से जुड़े विषयों और रोजगार के अवसरों को लेकर अपनी बात रखी।

उपनल कर्मचारियों ने भी रखीं मांगें

उपनल कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, हरीश कोठारी, अजय डबरियाल, विजय राम शर्मा, गणेश गोदियाल, संतोष पन्त, भरत सिंह भण्डारी, नरदेव सिंह, भूपेन्द्र नेगी, रमेश डोभाल एवं अजय देव शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने उपनल कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मांगों और समस्याओं को राहुल गांधी के समक्ष रखा तथा कर्मचारियों के हित में ठोस पहल की आवश्यकता बताई।

नर्सिंग कर्मचारियों ने भी उठाए मुद्दे

नर्सिंग कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल में नवल पुण्डीर, राजेन्द्र कुकरेती, सीरा बधानी, सपना राठौर एवं परवेश रावत शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने नर्सिंग कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से नेता प्रतिपक्ष को अवगत कराया।

पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा भी उठा

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की ओर से बी.पी. सिंह रावत, विकन सिंह रावत, मनोज अवस्थी, सीता राम पोखरियाल, अनीता विश्वकर्मा एवं मक्खन लाल शाह ने प्रतिनिधित्व किया। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को प्रमुखता से रखा।

घोषणा-पत्र में मांगों को शामिल किए जाने की उम्मीद

बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडलों ने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस उत्तराखंड के कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों की मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाएगी। साथ ही आगामी कांग्रेस घोषणा-पत्र में इन मुद्दों को उचित स्थान मिलने की उम्मीद जताई।

प्रतिनिधियों का कहना है कि उत्तराखंड के कर्मचारियों और युवाओं से जुड़े इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक मंच मिलने से उनकी मांगों को मजबूती मिलेगी। अब सभी की निगाहें कांग्रेस के आगामी घोषणा-पत्र और उसमें उत्तराखंड के कर्मचारियों एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों को मिलने वाली जगह पर टिकी हैं।

About The Author