ऋषिकेश। हरिद्वार से चीला मार्ग होते हुए ऋषिकेश की ओर आ रहा एक वाहन देर रात बीन नदी के तेज बहाव में फंसकर पलट गया। नदी के विकराल रूप का अंदाजा न होने के कारण चालक ने वाहन को नदी पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के चलते वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच SDRF जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
SDRF टीम की तत्परता और साहस के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें SDRF जवानों को मुश्किल परिस्थितियों में बचाव कार्य करते देखा जा सकता है।
तेज बहाव वाली नदियों और बरसाती गदेरों को हल्के में न लें। पानी का बहाव बढ़ने पर नदी पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है।
