बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में स्कूटी सवार बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। युवक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और स्कूटी को टी-स्टेट की ओर तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।

पुलिस का दावा है कि पीछा किए जाने के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी के उपचार और घटना की जानकारी भी ली।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, यह स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग के दौरान लूटी गई चेन भी बरामद करने का दावा किया है। इस संबंध में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।

मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आकाश शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास के साथ ही अन्य घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

About The Author