देहरादून। रायपुर विकासखंड की 16 ग्राम पंचायतों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल की गई है। SBI फाउंडेशन के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स द्वारा संचालित ‘Waste No More in Dehradun’ परियोजना के तहत पर्यावरण सखियों को नया कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया गया।
खंड विकास कार्यालय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण सखियों को वाहन सौंपा गया। वाहन मिलने से अब गांवों में घर-घर कचरा संग्रहण और उसके सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इससे पर्यावरण सखियां अधिक घरों तक नियमित रूप से कचरा संग्रहण की सेवा पहुंचा सकेंगी।
पर्यावरण सखी समूह में 10 स्थानीय महिलाएं शामिल हैं। ये महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में घरों से सूखा कचरा एकत्र कर उसे धनौला स्थित केंद्र तक पहुंचाती हैं। केंद्र पर कचरे को करीब 18 से 20 अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाता है, जिससे उसके उचित निस्तारण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सके।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्य से जोड़ना भी है। नए वाहन से कचरा संग्रहण की पहुंच बढ़ने और व्यवस्था के अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख सरोजनी ज्वाड़ी, एबीडीओ मोहन लाल रतूड़ी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और वेस्ट वॉरियर्स के सदस्य मौजूद रहे।
