मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर खनन विभाग का शिकंजा, अवैध उपखनिज भंडारण पर ₹51,600 का जुर्माना

देहरादून । मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत को जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। जिला खान अधिकारी के निर्देशन में विभागीय टीम ने तहसील विकासनगर और तहसील सदर क्षेत्र में शिकायत से संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शिकायत से जुड़े स्थलों पर अवैध रूप से उपखनिज भंडारण किए जाने की अनियमितता सामने आई। विभागीय टीम ने मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रकरण में ₹51,600 का अर्थदंड अधिरोपित किया।

विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान तहसील विकासनगर क्षेत्र में पौधा तथा तहसील सदर क्षेत्र में पंकज चंद के साथ सहायक खनिज पर्यवेक्षक एवं भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की टीम मौजूद रही।

खनन विभाग ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद हुई इस कार्रवाई से अवैध उपखनिज भंडारण करने वालों को भी स्पष्ट संदेश गया है कि शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। मौके पर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ अर्थदंड भी लगाया जाएगा।

About The Author