चमोली में दर्दनाक हादसा: छुट्टी पर घर लौट रहे सेना के जवान की मौत

चमोली। चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के जवान संदीप गौड़ की मौत हो गई। कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर उनकी स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद जवान के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उनकी तलाश की। गुरुवार सुबह सड़क से नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई देने के बाद हादसे का पता चल सका।

देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने शुरू की तलाश

जानकारी के अनुसार कुरूड़ गांव निवासी सेना के जवान संदीप गौड़ छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे। वह लुंतरा की ओर से कार से कुरूड़ गांव की तरफ आ रहे थे। देर रात करीब दो बजे तक जब संदीप घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उनके भाई पवन समेत ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित मार्गों पर उनकी तलाश शुरू की।

रात का अंधेरा, बारिश और खराब मौसम तलाशी अभियान में बड़ी बाधा बना रहा। काफी तलाश के बावजूद रात में संदीप या उनकी कार का पता नहीं चल सका। परिजन और ग्रामीण पूरी रात उनकी तलाश करते रहे।

सुबह खाई में दिखाई दी कार की नंबर प्लेट

गुरुवार सुबह ग्रामीणों को सड़क से नीचे खाई की ओर कार की नंबर प्लेट दिखाई दी। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीण नीचे उतरे तो वहां दुर्घटनाग्रस्त हालत में स्विफ्ट कार मिली। कार के अंदर सेना के जवान संदीप गौड़ का शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद जवान के शव को दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पास से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर देर रात का समय, बारिश और सड़क पर फिसलन हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि दुर्घटना किस कारण और किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे संदीप

बताया गया है कि संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे और करीब आठ वर्षों से सेना में सेवाएं दे रहे थे। इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव लौट रहे थे। संदीप के परिवार में पत्नी और करीब एक वर्ष का छोटा बच्चा है।

छुट्टी पर घर लौट रहे जवान की इस तरह असमय मौत की खबर से कुरूड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों और परिचितों ने संदीप गौड़ के निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

About The Author