देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना के बाद दून पुलिस ने तेजी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर एक आरोपी को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, फायरिंग की वजह पूर्व में कॉलेज के दौरान हुआ विवाद था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार में सवार कुछ युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की है, जिसमें एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल साहिल को उसके साथियों ने तत्काल महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के संबंध में घायल के साथी अंशुल निवासी शिकारपुर, मंगलौर की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 544/26 धारा 109/3(5)/352 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सभी थाना पुलिस, सीपीयू और सीमावर्ती चेक पोस्टों को संदिग्ध वाहन की तलाश में अलर्ट किया गया। सघन चेकिंग अभियान के दौरान नया गांव बैरियर से आरोपी रोहित पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान में सुभारती कॉलेज, देहरादून में होटल मैनेजमेंट का छात्र, को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों का आदित्य, सुजल और उनके साथियों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते पहले आईटीएस कॉलेज रोड पर फायरिंग की गई। इसके बाद पीछा किए जाने पर शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास दोबारा फायरिंग हुई, जिसमें साहिल घायल हो गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (HR-51-AZ-0890) को भी बरामद कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पटेलनगर फायरिंग कांड में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चंद घंटों में एक आरोपी गिरफ्तार
