विकासनगर। रात के समय संदिग्ध रूप से घूम रहे हिस्ट्रीशीटर को विकासनगर पुलिस ने अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की फिराक में इलाके में घूम रहा था और लोगों को डराने के लिए खुखरी अपने साथ रखता था।
पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त की रात करीब 9:46 बजे धनवंतरी चौक से लगभग 200 मीटर जीवनगढ़ की ओर चेकिंग के दौरान अम्बाड़ी जीवनगढ़ निवासी 28 वर्षीय हैदर उर्फ जग्गा पुत्र गुलजार को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद हुई। इस मामले में कोतवाली विकासनगर में धारा 25/4 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार हैदर उर्फ जग्गा कोतवाली विकासनगर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कुल 20 अभियोग दर्ज हैं। इनमें चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, धमकी और गुंडा अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2022 से 2026 के बीच भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रात में चोरी करने के उद्देश्य से लोगों को डराने के लिए खुखरी अपने साथ रखता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में कांस्टेबल 86 अजय सिंह और कांस्टेबल 206 रितेश वर्मा शामिल रहे।
