देहरादून। वीकेंड की रात दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाकर शहर से लेकर देहात तक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश और एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने देर रात तक संदिग्ध गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान 500 से अधिक लोगों की चेकिंग की गई, जबकि 53 संदिग्धों को थाने लाकर सत्यापन कराया गया। पुलिस ने 81 पुलिस एक्ट के तहत भी चालान की कार्रवाई की।
नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने विशेष सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। वहीं एमवी एक्ट के तहत 36 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर ₹32,500 का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहन सीज किए गए, जबकि 46 वाहन चालकों के चालान न्यायालय भेजे गए।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीकेंड की रात नशे में ड्राइविंग, यातायात नियमों की अनदेखी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
