श्रीनगर कोतवाली में देर रात हंगामा, छात्र नेताओं ने पुलिस पर लगाए अभद्रता के आरोप

श्रीनगर। सड़क हादसे के बाद पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर श्रीनगर में देर रात माहौल गरमा गया। करीब साढ़े 12 बजे छात्र संघ से जुड़े कई पदाधिकारी और नेता श्रीनगर कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान कोतवाली परिसर में काफी देर तक हंगामा और नोकझोंक होती रही। छात्र नेताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामला देर रात हुए सड़क हादसे से जुड़ा बताया जा रहा है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा के अनुसार, वह देर रात श्रीनगर से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसा देखकर वह मौके पर पहुंचे और मदद करने लगे।

जसवंत राणा का आरोप है कि कुछ देर बाद पुलिस की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। उनके मुताबिक, गाड़ी से बाहर आए एक व्यक्ति ने खुद को सीओ बताया और हादसे में शामिल एक छात्र को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। उन्होंने छात्र के साथ कथित व्यवहार का विरोध किया तो पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र संघ से जुड़े पदाधिकारी और नेता बड़ी संख्या में श्रीनगर कोतवाली पहुंच गए। यहां छात्र नेताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। छात्र नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

देर रात तक कोतवाली परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। हालांकि, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों पर क्या कार्रवाई की जाती है, यह भी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

About The Author