देहरादून में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

देहरादून। राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर है। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि अस्पताल में कोरोना काल से लागू स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी गई हैं।

अस्पताल में N-95 मास्क, PPE किट, आइसोलेशन वार्ड, ICU और ऑक्सीजन सप्लाई की पर्याप्त व्यवस्था है। मरीजों की त्वरित जांच के लिए RT-PCR सुविधा भी नियमित रूप से जारी है। संबंधित विभागों की संयुक्त टीम 24 घंटे निगरानी में जुटी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राहत की बात यह है कि देहरादून में सामने आया एकमात्र स्वाइन फ्लू मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुका है। वर्तमान में अस्पताल में स्वाइन फ्लू का कोई सक्रिय मरीज भर्ती नहीं है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है। किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल से संपर्क करें।

About The Author