देहरादून। वर्षाकाल में लगातार हो रही भारी बारिश और यमुना समेत अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने उपखनिज परिवहन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। जनसुरक्षा और संपत्ति की सुरक्षा के मद्देनजर स्टोन क्रशर, स्क्रीनिंग प्लांट संचालकों और उपखनिज ट्रांसपोर्टरों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश के कारण उपखनिज परिवहन के लिए बनाए गए स्थायी एवं अस्थायी मार्गों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में उपखनिज का परिवहन केवल सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही किया जाएगा। सूर्यास्त के बाद नदी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का उपखनिज परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि उपखनिज से लदा कोई वाहन नदी क्षेत्र में मौजूद हो और अचानक जलस्तर बढ़ने लगे, तो चालक किसी भी स्थिति में वाहन को नदी से निकालने का जोखिम न लें। ऐसी स्थिति में वाहन को तत्काल स्टोन क्रशर, स्क्रीनिंग प्लांट परिसर अथवा किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी संबंधित संचालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि वर्षाकाल के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।
