ज्योलीकोट में जलजनित रोग का असर, अस्पताल पहुंचे CDO अरविन्द पाण्डे

मरीजों का जाना हाल, उपचार में लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश

नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में जलजनित रोग के मामले सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने हल्द्वानी के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया।

CDO ने उजाला सिग्नस, नीलकंठ, वात्सल्य मदर एंड चाइल्ड केयर तथा चंदन हॉस्पिटल पहुंचकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों को दिए जा रहे उपचार, दवाइयों और अन्य चिकित्सा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान CDO ने चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों को बेहतर एवं समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मरीजों को बेहतर उपचार की आवश्यकता है, उन्हें आवश्यकता के अनुसार आयुष्मान कार्ड की सुविधा वाले अस्पतालों में रेफर किया जाए, ताकि उपचार के कारण मरीजों के परिवार पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।

प्रशासन की ओर से क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को मरीजों के उपचार के साथ-साथ जलजनित रोग की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय समेत स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author