नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मल्ला रामगढ़ क्षेत्र में हरियाणा के पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल 22 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वाहन सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा।
बारिश के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई काफी गहरी होने और लगातार बारिश के कारण रेस्क्यू टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और एसडीआरएफ के साथ मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।
रेस्क्यू के दौरान घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कई यात्री घायल हुए हैं, जबकि दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक यात्री के वाहन के पास खाई में फंसे होने की जानकारी भी सामने आई थी, जिसके बाद बचाव अभियान लगातार जारी रहा।
पर्यटकों में मची चीख-पुकार
टेंपो ट्रैवलर के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। पहाड़ी क्षेत्र में बारिश के बीच गहरी खाई से घायलों को बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना रहा।
हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
फिलहाल घायलों का उपचार कराया जा रहा है और रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए गए। हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर बारिश के दौरान सफर को लेकर सुरक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं।
दून वैली टाइम्स घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।
