फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

कार पर लगा रखा था भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती, एयरगन व फर्जी दस्तावेज बरामद

हल्द्वानी। खुद को खुफिया ब्यूरो (आईबी) का अधिकारी बताकर रौब जमाने वाले रामपुर निवासी 24 वर्षीय युवक को पुलिस ने तिकोनिया में वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपित की कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा हुआ था। तलाशी के दौरान कार से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, कथित फर्जी पहचान पत्र और खुफिया ब्यूरो से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान मोहासिब खान पुत्र मोहम्मद अयूब खान, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। घटना 12 सितंबर की रात की है। उपनिरीक्षक कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ तिकोनिया क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान काठगोदाम की ओर से कार संख्या यूपी 25 सीएस 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा देखकर पुलिस ने वाहन को रोक लिया।

पूछताछ के दौरान युवक ने स्वयं को आईबी का अधिकारी बताते हुए पहचान पत्र प्रस्तुत किया। हालांकि, पुलिस द्वारा पद और विभाग से संबंधित जानकारी पूछे जाने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। डैशबोर्ड से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन के अलावा आईबी से संबंधित कागजात और पहचान पत्र बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक जांच में पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज फर्जी पाए गए। पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि वह एयरगन रौब दिखाने के लिए रखता था और फर्जी पहचान के जरिए लोगों पर प्रभाव जमाता था।

वाहन के दस्तावेज भी प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 168, 318(3), 319(2) और 336(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

फर्जी दस्तावेजों का स्रोत खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित ने फर्जी पहचान पत्र और आईबी से संबंधित दस्तावेज कहां से तैयार कराए थे। साथ ही इन दस्तावेजों का पूर्व में कहां-कहां इस्तेमाल किया गया और उसने किन लोगों को प्रभावित करने का प्रयास किया, इसकी भी जांच की जा रही है।

About The Author