देहरादून में हाथी का तांडव: स्कूटी सवार ग्रामीण को पटक-पटककर मार डाला, क्षेत्र में मचा हड़कंप

डोईवाला। राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र से हाथी के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। राजा जी टाइगर रिजर्व की कांसरो वन रेंज से सटे क्षेत्र में हाथियों ने स्कूटी सवार एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। हाथी ने ग्रामीण को पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मारखम ग्रांट के झबरावाला निवासी 51 वर्षीय जमील अहमद पुत्र असगर अली अपने साथी नफीस के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे हाथी कुंड क्षेत्र में पहुंचे, जहां हाथियों ने जमील अहमद को अपनी चपेट में ले लिया।

अचानक हुए हाथी के हमले से नफीस अपनी जान बचाकर मौके से भागे और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल जमील अहमद को उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल, जॉली ग्रांट पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वन विभाग द्वारा मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है।

क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार से आबादी में घुस रहे हाथी

ग्रामीणों के अनुसार कांसरो वन रेंज से सटे मारखम ग्रांट के झबरावाला गांव में हाथियों से सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। आरोप है कि सुरक्षा दीवार टूटने के कारण हाथी आसानी से आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं। हाथियों के झुंड द्वारा लगातार आबादी क्षेत्र में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है।

मृतक के परिजनों से मिले विधायक

हाथी के हमले में जमील अहमद की मौत के बाद उनके परिजनों ने डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला से मुलाकात की। विधायक ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और घटना पर दुख जताया।

सुरक्षा दीवार की मरम्मत के निर्देश

विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर हाथी सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है।

हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत के बाद क्षेत्रवासियों में वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही रोकने और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की जल्द मरम्मत की मांग की है।

About The Author