मेरठ से ऋषिकेश गांजा तस्करी करने निकले महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, 5.315 किलो गांजा बरामद

ऋषिकेश। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायवाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान महिला समेत मेरठ निवासी दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 315 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को रायवाला पुलिस की टीम खाण्डगांव पुलिया से करीब 50 मीटर आगे चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या UP15EC-4286 पर सवार एक महिला समेत दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से अंकित कश्यप (23), निवासी मेरठ और निशा जाटव (34), निवासी मेरठ को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में मु0अ0सं0 147/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मेरठ से गांजा खरीदकर ऋषिकेश में बेचने की थी योजना

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अंकित कश्यप मेरठ स्थित एक डांस स्टूडियो में बच्चों को डांस सिखाता है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला निशा के बच्चे भी उसी के पास डांस सीखते हैं।

पुलिस का दावा है कि अंकित ने मेरठ के एक स्थानीय नशा तस्कर से गांजा खरीदा था। इसके बाद वह निशा के साथ गांजा लेकर ऋषिकेश में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचने के इरादे से निकला था। हालांकि, ऋषिकेश पहुंचने से पहले ही रायवाला पुलिस ने दोनों को चेकिंग के दौरान पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, निशा के पति को भी पूर्व में मेरठ पुलिस ने अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था और वह इस मामले में जेल जा चुका है।

बरामदगी

  • 5 किलो 315 ग्राम अवैध गांजा
  • मोटरसाइकिल संख्या UP15EC-4286

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेश चंद्र खुमरियाल, हेड कांस्टेबल चंद्रपाल, कांस्टेबल धर्मालाल, हंसराज, विकास कुमार और महिला कांस्टेबल नीलम शामिल रहे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाले कथित तस्कर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

About The Author