ऋषिकेश में 16 वर्षीय किशोरी से होटल में दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

बहला-फुसलाकर घर से ले जाने के बाद वारदात का आरोप, अपहरण और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और होटल में उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। किशोरी के परिजन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह किशोरी के परिजन कोतवाली पहुंचे और लिखित शिकायत दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि शनिवार को एक व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद वह किशोरी को एक होटल में लेकर गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी के अनुसार, पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने आरोपित की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।

जांच के दौरान घटनास्थल, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस किशोरी के बयान समेत मामले से जुड़ी अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author