मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 23 मोबाइल बरामद

जौलीग्रांट में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 2.50 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

डोईवाला। जौलीग्रांट के हिमालयन चौक स्थित मोबाइल शॉप में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल फोन, जिनमें 18 की-पैड और पांच स्मार्टफोन शामिल हैं, बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। चोरी में प्रयुक्त वर्ना कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को मिस्सरवाला निवासी गौरव राठौर ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात चोरों ने जौलीग्रांट स्थित उनकी ग्लोबल मोबाइल स्टोर का ताला तोड़कर स्मार्टफोन और की-पैड मोबाइल चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पूर्व में नकबजनी और चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों की जानकारी जुटाई। साथ ही घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

इसी दौरान 18 सितंबर को सौंग नदी पुल के पास हरिद्वार-भानियावाला मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने वर्ना कार संख्या HR71F-6756 को रोककर तलाशी ली। कार में सवार शैफुल रहमान (22), फरीद (19) और इजहार (19) निवासी खेलपुर नसरूलापुर, भगवानपुर, हरिद्वार, हाल निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेन्टाउन, देहरादून के कब्जे से 23 मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने जौलीग्रांट स्थित मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

नशे की लत और महंगे शौक के लिए बनाई चोरी की योजना

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले मोबाइल शॉप की रेकी की और मौका देखकर दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल फोन चोरी कर लिए।

पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने वारदात के दौरान वर्ना कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।

एक आरोपी पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इजहार पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ भगवानपुर और गंगनहर रुड़की थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

ये मोबाइल हुए बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जियो और इंटेल के 18 की-पैड मोबाइल, जबकि वीवो के दो तथा टेक्नो, पोको और मोटोरोला का एक-एक स्मार्टफोन बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त वर्ना कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में जौलीग्रांट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चिंतामणि मैठानी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र रावत, कांस्टेबल सचिन राणा, दिनेश डोगरा तथा एसओजी के कांस्टेबल नवनीत, सोनी कुमार और मनोज कुमार शामिल रहे।

About The Author