देहरादून। ग्राम प्रधानों की दस सूत्रीय मांगों का अब तक समाधान नहीं होने से नाराज प्रदेश प्रधान संगठन उत्तराखंड ने 22 सितंबर को विकास भवन घेराव का ऐलान किया है। इसी क्रम में जिला प्रधान संगठन देहरादून की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी दी गई।
संगठन का कहना है कि ग्राम प्रधान पिछले कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे प्रदेशभर के ग्राम प्रधानों में नाराजगी बनी हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
मानदेय बढ़ाने समेत कई प्रमुख मांगें
ज्ञापन में ग्राम प्रधानों का न्यूनतम मानदेय 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने, ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों को खुली बैठकों में प्रतिभाग करने पर मानदेय देने तथा मनरेगा में श्रमिकों की उपस्थिति ऑफलाइन दर्ज करने की मांग की गई है। इसके साथ ही अकुशल एवं कुशल श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने की मांग भी उठाई गई।
संगठन ने ग्राम पंचायतों को राज्य एवं केंद्रीय वित्त से मिलने वाली धनराशि जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्रफल के आधार पर बढ़ाने, जिला योजना के कार्यों में ग्राम पंचायतों की भूमिका सुनिश्चित करने तथा पंचायतीराज अधिनियम में स्वीकृत 29 विभागों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की मांग की है।
इसके अलावा विधायक और सांसद निधि की तर्ज पर ग्राम प्रधान निधि की व्यवस्था करने तथा 10 लाख रुपये तक के कार्य ग्राम पंचायतों को कार्यदायी संस्था बनाकर कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
स्वास्थ्य बीमा और आवास योजना को लेकर भी मांग
ग्राम प्रधानों का स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा कराने, प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 में पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता सूची में शामिल करने तथा 16वें वित्त की नई गाइडलाइन के तहत ग्राम पंचायतों पर परिवारों से 100 रुपये प्रतिमाह टैक्स लगाने की बाध्यता समाप्त करने की मांग भी संगठन ने उठाई है।
संगठन के अनुसार, इससे पहले भी पछुवादून के विभिन्न ब्लॉकों में ग्राम प्रधान संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर चुका है।
22 सितंबर को होगा विकास भवन घेराव
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो 22 सितंबर को सुबह 11 बजे विकास भवन स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष शुभम मल्ल, विकासनगर ब्लॉक अध्यक्ष भरत सिंह, जिला मीडिया प्रभारी आशीष बिष्ट, प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान और सहसपुर ब्लॉक उपाध्यक्ष विवेक कुमार मौजूद रहे।
